नैनपुर (मंडला न्यूज)।
विकासखंड नैनपुर के ग्राम निवारी और मोहगांव के बीच गुरुवार रात लगभग 12:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान राम चौधरी (पिता मधुसूदन चौधरी), निवासी वार्ड क्रमांक 2, सिविल लाइन, नैनपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल व्यक्ति उमंग ठाकुर, ग्राम मोहगांव का निवासी बताया जा रहा है।
हादसे की जानकारी रात में मार्ग से गुजर रहे एक राहगीर ने तत्काल नैनपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल नैनपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राम चौधरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमंग ठाकुर को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
वहीँ राम चौधरी के शव का पोस्टमार्टम कर पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घटना की विस्तृत जांच व कानूनी कार्यवाही नैनपुर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।